शेरवां। ढेबरा गांव में बियार एकता महासमिति के वरिष्ठ नेता बाबू नंदन बियार की पत्नी इंद्रावती देवी के निधन पर शोक जताने बृहस्पतिवार को सूबे के श्रम सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बधाया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा का उपचुनाव में सभी सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में जो हालात चल रहे हैं, उससे अखिलेश यादव बौखला कर अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। पूरी पार्टी में परिवारवाद को लेकर भगदड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिवारवादी पार्टी को जनता जवाब देगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा एनडीए सरकार गरीबों, वंचितों, युवाओं, व्यापारियों, किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने यूपी में लोकसभा की कम सीट आने के सवाल पर कहा कि अखिलेश, राहुल ने जनता के बीच में फटाफट, खटाखट का झूठा शिगूफा छोड़ा था। उसको अब जनता समझ चुकी है। वहां जो हालात चल रहे हैं, जनता को सब पता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के किसानों, गरीबों, नौजवानों के भविष्य का ध्यान रखते हुए बजट पेश किया है। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार, जितेंद्र पासवान, सुधीर यादव, शिवपूजन पासवान आदि मौजूद रहे।