Mirzapur News: शारदीय नवरात्र के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की आराधना हुई। इस दौरान भक्तों की कतार लगी रही। मां के जयकारे से पूरा विंध्य धाम गूंज उठा।
शारदीय नवरात्र के पांचवे दिन शुक्रवार को विंध्य धाम में भक्तों का हुजुम उमड़ पड़ा। पहाड़ा वाली के जयकारे से धाम की समूची गलियां गूंजायमान रही। देवी धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति का दर्शन कर मंगल कामना की। माता दरबार में भोर से ही भक्तों का रेला लगा रहा। माता की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु लालायित नजर आए।
विज्ञापन
मंदिर में मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर देवी भक्त निहाल हो उठे। मंगला आरती से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला निरंतर चलता रहा। हाथ में नारियल, गुड़हल की माला और भोग प्रसाद लेकर भक्त मंदिर पहुंचे।
भोग प्रसाद अर्पित करने के बाद भक्तों ने माता से परिवार की सुख समृद्धि की कामना की । मां विंध्यवासिनी दर्शन के साथ ही देवी भक्तों ने माता काली व अष्टभुजा देवी के भी दर्शन पूजन की।