पुलिस लाइन के मनोरंजन गृह में रविवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस अधीक्षक ने गौकशी होने पर थाना प्रभारियाें के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही चुनार में आपराधिक घटनाएं अधिक बढ़ने पर प्रभारी निरीक्षक को फटकार लगाते हुए तीन कोतवाली में विवेचनाएं लंबित पाए जाने पर शहर, कटरा तथा चुनार के कार्य पर नाराजगी जताई।
पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने चोरी की घटनाओं पर हर हाल में रोक लगाने को कहा। आम जनता से सभ्य व्यवहार करते हुए उनकी शिकायत को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। महिलाओं एवं बच्चाें के प्रति संवेदनशील रह कर उनके विरुद्ध हुए अपराध को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करें। पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन पर विशेष ध्यान लगा कर निस्तारित करने को कहा। गांजा समेत अन्य स्मैक का कारोबार करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुरस्कृत एवं वांछित अपराधियाें को अभियान चला कर गिरफ्तार करें। गोवध पर अंकुश लगाने को कहा। चेतावनी दी कि जिनके क्षेत्र में गोकशी की घटना प्रकाश में आया उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। एनबीडब्लू का तमीला खराब मिलने पर नाराजगी जताई। एनसीआर में 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करें। न्यायालय द्वारा मांगी गई सूचना को देते हुए सम्मन का तामीला प्रत्येक दशा में कराने को कहा। पुलिस कर्मियाें की समस्याओं को सुना और उसके निस्तारण का निर्देश दिया। एसपी सिटी अजय सिंह, सीओ नगर प्रवीण यादव, सदर सर्वजीत शाही, आपरेशन गीताजंली सिंह, लालगंज आनंद कुमार, चुनार प्रदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।