मिर्जापुर। दो विभागों में कमी के कारण नगर के सात पार्क बदहाल है। नगर पालिका प्रशासन अपने पार्कों की मरम्मत कराने के साथ हरा-भरा बना रहा है। वहीं, आवास विकास परिषद के सात पार्क बदहाल हैं। इन पार्कों में कूड़ा फेंका जा रहा है और गायें बांधी जा रही हैं। इससे आमजन को इन पार्कों का लाभ नहीं मिल पा रहा।
शहर की आवास विकास कॉलोनी में सात पार्क हैं। इनमें नेहरू पार्क और दूसरा राजीव गांधी पार्क है बदहाल हैं। इन पार्कों के चारों ओर लोगों के घर हैं। लगभग पांच हजार की आबादी दोनों पार्कों के आसपास रहती है। नेहरू पार्क में पत्थर की पटिया रखी है, तो गायें भी बांधी जा रही हैं। यही हाल राजीव गांधी पार्क समेत पांच अन्य पार्कों का हैं। इसी प्रकार पक्की सराय स्थित इंदिरा पार्क की भी यही स्थिति है। आवास विकास के पांच अन्य पार्कों की भी यही स्थिति है। लोगों का कहना है कि जो पार्क आबादी के बीच हैं, उनको हरा-भरा बनाना चाहिए ताकि आसपास के लोगों को शुद्ध हवा मिल सके।
अमृत योजना के तहत 10 पार्कों का हो चुका है सुंदरीकरण
अमृत योजना के तहत नगर पालिका अब तक 10 पार्कों का सुंदरीकरण करा चुकी है। लालडिग्गी का गांधी पार्क, फतहां मेंं संत रविदास पार्क, भगत सिंह पार्क, पं. दीनदयाल पार्क, गंगा दर्शन पार्क आदि। इसमें से संत रविदास पार्क में आठ लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया गया है। वहीं, भगत सिंह पार्क और सुरेकापुरम पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
वर्जन
आवास विकास कॉलोनी में सात पार्क हैं। उनका रखरखाव और सुंदरीकरण आवास विकास परिषद की ओर से कराया जाता है। हाल ही में परिषद के लोग पार्कों का निरीक्षण करने आए थे। जल्द ही इनको संवारने का काम शुरू होगा।
- जी लाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका मिर्जापुर