मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल ने शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे के करीब मेजा स्टेशन के आउटर से गुजरते समय रेलवे लाइन पर फंसी ट्रैक्टर की ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर से जहां ट्राली के परखचे उड़ गए वहीं एकबारगी पूरी ट्रेन लहरा गई, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बाद में आरपीएफ ने क्षतिग्रस्त ट्राली को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मुंबई मेल शुक्रवार की रात करीब नौ बजे छिवकी रेलवे स्टेशन से मिर्जापुर के लिए रवाना हुई। रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन जैसे ही मेजा रेलवे स्टेशन के आउटर के पास पहुंची कि एक ट्रैक्टर ट्राली सहित रेलवे लाइन पर पहुंच गया। इसी बीच मुंबई मेल आ गई।ट्रेन को देख चालक ट्रैक्टर को अलग कर ट्राली को लाइन पर ही छोड़कर भाग निकला। उधर, पटरी पर ट्राली को देख ट्रेन चालक ने ट्रेन को रोकने की कोशिश पर इंजन ट्राली को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया।
टक्कर होते ही ट्राली के परखचे उड़ गए और पूरी ट्रेन लहराने लगी। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि कुछ सेकेंड बाद ही स्थिति सामान्य हो गई तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। रात करीब साढ़े दस बजे ट्रेन को विंध्याचल में रोक कर चेक किया गया तो उसके गेट की दो बोगियों की सीढ़ियां टूटी पाई गईं। कोई बड़ा हादसा नहीं होने पर अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।