हलिया। वन रेंज के ददरी मटिहरा मार्ग पर स्थित जंगल में शुक्रवार की रात गश्त के दौरान वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बंदूक और कारतूस के साथ तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया। शिकारियों की तीन बाइक भी भी बरामद की गईं। जबकि तीन शिकारी मौका पाकर भाग गए। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपितों को पकड़ने में वन विभाग की टीम जुट गई है।
वन रेंज के ददरी मटिहरा मार्ग स्थित जंगल से शुक्रवार की रात गश्त के दौरान वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह टीम के साथ रात में भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान तीन मोटरसाइकिल पर छह लोगों को वन में देख कर रोकने का प्रयास किया। इसमें मुख्य आरोपी समेत तीन शिकारी मौका पाकर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने दौड़ाकर तीन शिकारियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार शिकारियों में लालगंज थाना क्षेत्र के बरकछा निवासी रामलाल राजभर, राकेश कुमार वर्मा, शैलेश मौर्य है। शिकारियों की तलाशी लेने पर जाल, बोरी और अवैध एक नाली बंदूक और तीन बाइक बरामद किया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शिकारी जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए रात में निकले थे। गश्त के दौरान शिकारियों को जंगल में देखकर रोककर पुछताछ किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद पकड़े गए तीन शिकारियों को जेल भेज दिया। शिकारियों ने बताया कि कुशियरा गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां रूके थे। शिकारियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम सहित भारतीय वन्यजीव संरक्षण की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ कर फरार तीनों शिकारियों को पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया है। वन विभाग की टीम में वन्यजीव रक्षक संतोष कुमार सिंह, श्रवण कुमार संत, राणा प्रताप सिंह, आनंद कुमार, मुन्ना शुक्ला रहे।