अदलहाट। क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित रानीबाग के पास शनिवार की शाम को बोलेरो की टक्कर से साइकिल सवार और एक गाय की मौत हो गई। साथ ही सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल नरायनपुर पहुंचाया।
बोलेरो में छह लोग वाराणसी से दवा लेकर वापस अपने घर सोनभद्र जा रहे थे कि बोलेरो जब रानी बाग के पास पहुंची तो एक गाय को धक्का मारते हुए दो अलग-अलग साइकिल सवारों को टक्कर मारकर खेत में पलट गई।
चीख पुकार सुनकर पास के लोग घायलों को निकालने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को नरायनपुर एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर साइकिल सवार 55 वर्षीय फखरुद्दीन पुत्र महबूब निवासी पथरौरा थाना अदलहाट ने दम तोड़ दिया। घायलों में एक साइकिल सवार 45 वर्षीय मारकंडे निवासी श्रुतिहार व बोलेरो में सोनभद्र के राबर्टसगंज क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी मुहम्मद ताज 40 वर्ष पुत्र शहाबुद्दीन, जायफा 41 वर्ष पत्नी जाकीर, 25 वर्षीय इरफान, 30 वर्षीय फारुक अली, 34 वर्षीय आलिया निशा, 43 वर्षीय जाकीर अली है।