मड़िहान। लालगंज थाना क्षेत्र के खंडवा मझारी गांव के तालाब में बुधवार की सुबह साइबेरियन पक्षी पकड़ते समय तालाब में एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे बाद शव को बाहर निकाला।
ठंढ के मौसम में खंडवा मझारी गांव स्थित हनुमान तालाब पर साइबेरियन पक्षी बड़ी तादाद में आते हैं। मझारी गांव निवासी महेश कुमार बुधवार की सुबह चारा देकर पक्षियों को पकड़ रहा था। अचानक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। शोरगुल होने पर जब तक आसपास के लोग पहुंचे तब तक वह पानी में डूब चुका था। सूचना के बाद संतनगर चौकी इंचार्ज संजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुुंचे। ग्रामीणों की घंटो मशक्कत के बाद पानी से युवक को निकाला जा सका। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार यादव घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।