मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में सैनिक सम्मेलन और अपराध गोष्ठी कर क्राइम की समीक्षा की। एसपी ने पाक्सो एक्ट के आरोपितों और टाप टेन इनामियां बदमाशों को पकड़ने का निर्देश दिया। साथ ही रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।
एसपी ने कहा कि सीएमएस सेल द्वारा उपलब्ध कराए गए पॉक्सो एक्ट के मुकदमों की प्रभावी पैरवी सभी थानाध्यक्ष सुनिश्चित करें। टाप टेन इनामियां अपराधियों पर नकेल लगाने, जेल से छुटे अपराधियों चोरी, लूट व नकबजनी के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी जनता के प्रति व्यवहार अच्छा रखे। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित किए गए भू-माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। गैंगेस्टर के पंजीकृत मुकदमों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में चलने वाली पुलिस मोबाईलों, रात्रिगश्त, पैदलगश्त व चेकिंग की जाए।
चोरी, वाहन चोरी एवं गुमशुदगी के अपराधों के संबंध में कार्रवाई की जाए। गुमशुदा लोगों की बरामदगी के संबंध में इसी प्रकार की कार्रवाई कर बरामदगी कराई जाए। बैठक में एएसपी नक्सल अजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी चुनार हितेन्द्र कृष्ण, क्षेत्राधिकारी आपरेशन रमाकान्त, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुशील कुमार यादव, जेलर सुरेश मिश्रा, आरआई गोरखनाथ सिंह आदि रहे।