मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में गुरुवार को आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से आवास के बारे में फीडबैक लिया गया। साथ ही नए आवेदकों को आवास प्राप्त करने के नियमों की जानकारी दी गई। उनको पात्र व अपात्र के निर्धारण की जानकारी देकर उसी के अनुसार आवेदन करने की सलाह दी गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत उन परिवारों को आवास देने का लक्ष्य रखा गया है जो बेसहारा हैं। या फिर उनका मकान कच्चे खपरैल का हो या फिर एक कमरे का कच्चा मकान हो। उन्होंने बताया कि यदि किसी परिवार को एक भी किसी प्रकार का आवास जैसे इंदिरा आवास, आसरा अथवा अन्य कोई आवास मिल चुका है तो उसे यह आवास नहीं दिया जा सकता। उन्होंने अपात्रों की विभिन्न श्रेणियों की जानकारी देकर पात्रता का निर्धारण स्वयं करने को कहा। कहा कि इस बार छह हजार तीन सौ 65 आवास दिए जाने हैं। उसके लिए संबंधित विकास खंड में आवेदन किया जा सकता है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता एके सिंह ने सौभाग्य योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत नि:शुल्क कनेक्शन दिया जाता है। यदि कोई एक रुपया भी मांगता है तो उसकी सूचना विभाग को दें। लीड बैंक मैनेजर कुमार अजय ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर घनश्याम सिंह व अन्य अधिकारी थे। कई परिवार की मुखिया महिलाओं ने भी अपने विचार रखे।