मिर्जापुर। यातायात माह में नगर की यातायात व्यवस्था सुधरने के बजाए और चरमरा गई है। बुधवार को नगर की सड़कों पर ही नहीं बल्कि हाईवे पर भी जाम लगा रहा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जाम की चपेट में आए एंबुलेंस और अधिकारियों के वाहनों के हूटर भी सुनाई देते रहे। इधर-उधर से वाहनों के निकलने के चक्कर में जाम और भी उलझ गया। सूचना पर यातायात प्रभारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, पर तब जाम बढ़ गया था। नगर के भरुहना से पुलिस लाइन तक, बथुआ से लालगंज मार्ग पर, जिगना-विंध्याचल मार्ग पर सुबह से लेकर दोपहर तक लंबा जाम लगा रहा।
नगर की यातायात व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है। पुलिस, यातायात और परिवहन विभाग सड़कों के सकरा होने पर की कहकर पल्ला झाड़ता रहता है। यातायात बेहतर करने का आज तक कोई प्लान नहीं बन सका। नगर के कई इलाके ऐसे हैं कि वहां प्रतिदिन जाम लगता है, पर बुधवार की सुबह से लेकर दोपहर तक शहर की सड़कों पर ही नहीं बल्कि हाईवे मार्ग पर भी जाम लगा रहा। एक ओर महुवरियां से पांडेयपुर की ओर और दूसरी तरफ पुलिस लाइन से भरुहना तक वाहनों की लंबी कतार लगा गई। जाम से निकलने के चक्कर में लोग जिधर रास्ता पा रहे थे, उधर घुस जा रहे थे। जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही। एंबुलेंस से पहले बंदियों की गाड़ी निकालने के चक्कर में जाम और बढ़ गया। जानकारी होने पर पहुंचे टीएसआई अमरजीत चौहान ने जाम समाप्त कराने में लगे रहे। घंटो बाद जाम समाप्त हुआ।
सुबह के समय जिगना-विंध्याचल मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क पर ट्रक धंस गई। इससे मार्ग के दोनों ओर पर लंगा जाम लगा गया। कई घंटे लोग जाम लगा रहा। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ-लालगंज मार्ग पर एक ट्रक खराब हो गई। ट्रक खराब होने से लंबा जाम लगा रहा। पुलिस किसी तरह से वाहनों को पास कराती रही, पर जाम खत्म नहीं हुआ। दोपहर बाद जब ट्रक का मरम्मत कर हटाया गया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। पीएसी गेट के पास ट्रक से कुचलकर छात्रा की मौत के बाद भी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। इसके चलते जाम लगा रहा। दोपहर में तहसील चौराहे के पास यातायात व्यवस्था ध्यवस्त होने से मार्ग पर जाम लगने लगा। मार्ग के चारो ओर लंबा जाम लग गया।
लालगंज। स्थानीय बाजार में बुधवार को दस बजे के बाद जाम लग गया। जिसके कारण सड़क के दोनों ओ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस जाम में यात्री वाहन के साथ दूल्हे की गाड़ी तक फंसी रही। पुलिस जाम की सूचना पाते ही खुलवाने के लिए मशक्कत करती रही। देश के महत्वपूर्ण राजमार्ग सात पर स्थित लालगंज में आए दिन जाम लगता रहता है। जिसके कारण बनारस, खजुराहों, मैहर,जबलपुर, नागपुर जाने वाले यात्री व मालवाहक वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम में विद्यालय, कार्यालय, बाजार आने जाने सभी फंसे रहे। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को होती है। जिन्हें उपचार कराने वाराणसी अथवा इलाहाबाद जाना पड़ता है। लालगंज बाजार में दो तिराहे है। जहां ट्रैफिक पुलिस की जरुरत बनी हुई है। इस प्रमुख राजमार्ग से हजारों की संख्या में मालवाहक वाहन कलकत्ता, बिहार, जबलपुर, नागपुर से आते जाते रहते है। ऐसी सड़क पर जरा भी ट्रैफिक की गड़बड़ी अथवा लापरवाही जाम की कारण बन जाती है।