लालगंज। थाना क्षेत्र के बसेड़ा गांव के पास विंध्यनगर से वाराणसी 765 डीसी ट्रांसमिशन की लाइन बिछ रही है। इसके लिए आए एबीसी तार की सुरक्षा में लगे चौकीदारों की रविवार की रात पहले बदमाशों ने पिटाई की और फिर बंधक बनाकर एक किमी दूर छोड़ दिया। साथ ही 15 नग एबीसी तार लूट ले गए। कंपनी प्रबंधक ने रविवार की शाम को लालगंज थाने पर जाकर लिखित तहरीर दिया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है। चोरी गए तार की कीमत 20 लाख बताई जा रही है।
कल्पतरू टावर ट्रांसमिशन लिमिटेड निर्माण कंपनी मध्यप्रदेश के विन्ध्यनगर से वाराणसी के लिए जा रही 765 डीसी ट्रांसमिशन टावर का निर्माण कर रही है। यह कार्य थाना क्षेत्र के पचोखर उसका बसेड़ा गांव में निर्माणाधीन है। खेतों में फसल होने के कारण तीन माह से काम बंद है। बसेड़ा गांव के पास निर्माण कंपनी के कैंप में एबीसी तार की सुरक्षा के लिए दो चौकीदारों की तैनाती की गई है। शनिवार की रात बोलेरो से कैंप पर पहुंचे बदमाशों ने पहले चौकीदारों की पिटाई किया। इसके बाद उनका हाथ-पैर बांधकर बोलेरो में लाद कर एक किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिए। इसके बाद कैंप पर रखे गए 15 नग एबीसी तार को किसी वाहन में लादकर चोरी कर ले गए। सुबह होने पर ग्रामीणों ने दोनों चौकीदारों को देखा। ग्रामीणों ने चौकीदार 62 वर्षीय अब्दुल सत्तार पुत्र मोहम्मद झखरिया निवासी गांव दुधिया थाना इंग्लिश बाजार जिला मालदा पश्चिम बंगाल व 55 वर्षीय वसेताल शेख पुत्र नूर मोहम्मद निवासी गांव गोटफुर थाना बैशी जिला पुरुनिया बिहार को हाथ पैर खोला। दोनों चौकीदारों ने जाकर कंपनी के प्रबंधक सुब्रतो पाल को सूचना दिया। प्रबंधक ने रविवार की शाम को बंधकर बनाकर तार लूट लिए जाने की तहरीर थाने में दिया। थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने बताया कि मामला संदिग्ध है। चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।