मिर्जापुर। नवागत जिलाधिकारी सुशील पटेल ने शनिवार को कोषागार कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना उनका उद्देश्य होगा। उन्होंने कहा कि लाइन में खडे अंतिम व्यक्ति तक के बातों को सुनकर उसे न्याय दिलाना भी उनकी प्राथमिकता में है। स्वास्थ्य व शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। विंध्य कारीडोर व अन्य योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि वे सभी उपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए काम करेंगे।
वर्षं 2009 बैच के नागालैंड कैडर के आईंएएस श्री पटेल मूलत: जनपद रायबरेली के निवासी हैं। उनकी शिक्षा- दीक्षा राजकीय इंटर कालेज व सरस्वती विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने रूड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। मिर्जापुर में जिलाधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण करने पूर्व वे विशेष सचिव ऊर्जा के पद रहे तथा नागालैण्ड में दो जिलों में दीमापुर व एक अन्य जिले में जिलाधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहे। कोषागार कार्यालय में मुख्य कोषाधिकारी राघेश्याम ने कार्यभार ग्रहण करने की औपचारिकता को पूर्ण कराया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में सभी कर्मचरियों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी एमए अंसारी, उप जिलाधिकारी सदर गौरव श्रीवास्तव, मड़िहान विमल कुमार दूबे, सुरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय के अलावा कई अधिकारी उपस्थित रहे।
नवागत जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने पद भार ग्रहण करने से पूर्व शनिवार को मां विंध्यवासिनी दरबार में पहुंचकर शीश नवाते हुए दर्शन और पूजन किया। तत्पश्चात मंदिर परिसर में अन्य मंदिरों में विराजमान देवी- देवताओं के दर्शन पूजन किए।
दर्शन पूजन राज्याधिकारी व विन्ध्य विकास परिषद के सदस्य राज मिश्र ने कराया। दर्शनोपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, गंगा घाट आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासन व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।