बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गया था आमघाट पुल का एप्रोच मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। पहली बारिश में आमघाट पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बाद छह अगस्त की रात से पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया था। पुल 12 अगस्त तक बंद रहेगा।
एप्रोच मार्ग के किनारे लगे डिवाइडर को हटाकर भस्सी और गिट्टी डालकर मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है। 10 अगस्त से बड़े वाहनों का आवागमन शुरू होना था, लेकिन मरम्मत कार्य जारी रहने से अब 12 अगस्त तक पुल से बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने 66 करोड़ रुपये की लागत से आमघाट पुल का निर्माण कराया है।
पुल बनने से आमघाट रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिली है। चुनार और वाराणसी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को रेलवे फाटक पर रुके बिना आवागमन की सुविधा मिली है। पुल शुरू होने के बाद से ही इसकी सड़क और एप्रोच मार्ग की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
पुल के डिजाइन में खतरनाक मोड़ और सड़क निर्माण को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए थे। बारिश के बाद पुल की सड़क पर आई दरारें बढ़ गईं। पड़री की ओर एप्रोच मार्ग पर किनारे की तरफ करीब 100 मीटर तक दरार आने से डिवाइडर सहित सड़क के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया था। बारिश के कारण एप्रोच मार्ग की मिट्टी भी धस गई थी। सेतु निगम ने बृहस्पतिवार रात पुल पर आवागमन बंद कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। अभी मरम्मत कार्य चल रहा है, इसके चलते 12 अगस्त तक पुल से बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। बस, बाइक, साइकिल और पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति है।
वर्जन
“एप्रोच मार्ग पर गिट्टी और भस्सी डालकर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। अभी कार्य चल रहा है, इसलिए कार और अन्य बड़े वाहनों का आवागमन बंद है। 12 अगस्त तक बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।”
रोहित मिश्रा, परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम