विंध्याचल मंदिर के पट खुलने में अभी और समय लग सकता है। ऐसे में भक्तों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। शुक्रवार को क्षेत्र में मिले दो संक्रमितों ने प्रशासनिक अधिकारियों के माथे पर बल डाल दिया है। वहीं अभी कई लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। ऐसे में प्रशासन फिलहाल अभी कोई रिस्क नहीं लेना चाहता, और इंतजार करना चाहता है। ऐसे में पट खुलने में अभी और वक्त लग सकता है। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बताया कि क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अभी जल्दबाजी ठीक नहीं होगी। फिलहाल इस पर मंथन चल रहा है। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जनहित में जो उचित होगा वहीं निर्णय लिया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो अभी मंदिर के पट खोलने को लेकर प्रशासन किसी प्रकार की जल्दबाजी नहीं करना चाहता।
श्री विंध्य पंडा समाज व्यवस्थापिका समिति की हुई बैठक में नामित पांच सदस्यीय टीम ने 48 घंटे बाद अपनी कार्य योजना रिपोर्ट गुरुवार को सौप दी थी। इसके बाद यह माना जा रहा था कि अगले सप्ताह, 22 जून तक मां विंध्यवासिनी मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए खोले जा सकते हैं। शुक्रवार की सुबह आई कोरोना रिपोर्ट में दो संक्रमित विंध्याचल क्षेत्र में पाए गए। वहीं कई लोगों की जांच रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। ऐसे में प्रशासन और श्री विंध्य पंडा समाज, देश हित और आम जन के स्वास्थ्य हित में मंदिर के पट खोलने को लेकर अभी और इंतजार करने का निर्णय ले सकता है।