अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर टेडुआ बाबा मंदिर के पास बृहस्पतिवार को दोपहर में ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार मां की मौके पर ही मौत हो गयी और पुत्र घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के रैपुरिया गांव निवासी राहुल कुशवाहा (20) अपनी माता गीता कुशवाहा (46) को बाइक पर बैठा कर अदलहाट के पास एक गांव में शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। वे टेडुआ बाबा मंदिर के पास पहुंचे थे, उसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने धक्का मार दिया। ट्रक के चपेट में आने से मां गीता कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गईं और बाइक सवार पुत्र राहुल घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अदलहाट पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।