गड़बड़ा शीतला धाम के शहरहवा मेले में सोमवार को करीब ढाई लाख आस्थावानों ने मां शीतला के पावन दरबार में मत्था टेका। दर्शन पूजन का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
महिलाओं ने मां को हलवा-पूड़ी का भोग लगा कर मंगलकामना की, वहीं पुरुष भक्तों ने नारियल-चुनरी व प्रसाद चढ़ाया। बाद में भक्तों ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया।
हलिया ब्लाक के गड़बड़ा गोकुल गांव सेवटी नदी के तट पर स्थित गड़बड़ा शीतला धाम में मां शीतला के भव्य स्वरूप का दर्शन-पूजन करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
फूलों से किया गया मां का दिव्य श्रृंगार दर्शन कर श्रद्घालु निहाल हो उठे, वहीं घंटा-घड़ियाल, शंख और मां के जयकारे से पूरा इलाका देवीमय हो रहा था।
धाम मेले में लगे झूलों पर झूल कर बच्चों ने खूब आनंद उठाया, वहीं महिला-पुरुष भक्तों ने मेले में लगी तरह तरह की दूकानों पर पहुंच कर गृहपयोगी वस्तुओं की जमकर खरीददारी की।
मेले में भक्तों के ठहरने के लिए कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं, जिसके कारण भक्तों को कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ी।
मंदिर के पूर्व सेवटी नदी के घाट जर्जर होने के चलते भक्तों को स्नान करने में असुविधा का सामना करना पड़ा।
घाट पर वस्त्र बदलने की कोई व्यवस्था नहीं होने से महिला भक्तों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मंदिर के प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ल की ओर से भुला-बिसरा केंद्र स्थापित किया गया था, जहां से कई बिछुड़ों को उनके परिजनों से मिलाया गया। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद छका।
क्षेत्राधिकारी लालगंज आनंद कुमार, एसडीएम दिवाकर सिंह, थानाध्यक्ष यादवेंद्र पांडेय पुलिसबलों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे।