मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के पिरल्लीपुर में शुक्रवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से मां और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना रात करीब 11:30 बजे चुनार-कैलहट डाउन रेलवे ट्रैक पर हुई। महिला अपने मासूम बेटे के साथ वहां किन परिस्थितियों में पहुंची, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने महिला के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान स्मिता सिंह (37) पत्नी इंद्रेश सिंह, निवासी भावा थाना मड़िहान के रूप में की। हादसे में उसके एक वर्षीय बेटे वैदिक की भी मौत हो गई। महिला का मायका सोनभद्र जिले के कर्मा थाना क्षेत्र के खैराही गांव में है।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि स्मिता का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व हुआ था। पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण वह ससुराल से मायके चली गई थी। शुक्रवार को वह किसी ट्रेन से चुनार पहुंची थी। इसके बाद पिरल्लीपुर के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।