पड़री थाना क्षेत्र के झिंगुरा रेलवे क्रांसिग को पार करते समय संपर्कक्राति ट्रेन की चपेट में आने से बुधवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे मां बेटे की मौत हो गई जबकि हादसे में उसका पति समेत लोग बाल बाल बच गए। घटना की जानकारी होते ही परिवार के कोहराम मच गया। परिजन दहाड़े मारकर रोते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पक्की सराय घंटाघर मोहल्ला निवासी दिलीप साहू 35 वर्ष अपने तीन बच्चों व पत्नी गुंजा के साथ पड़री थाना क्षेत्र के मुल्हवा निवासी एक रिश्तेदार सरेश साहू के यहां पड़ी शादी में शामिल होने जा रहा था। दिलीप पत्नी व बच्चे के साथ आटो में सवार होकर अघवार चौराहे पर उतरा। वहां से पैदल मुल्हवा गांव के लिए रवाना हो गया। शाम करीब साढ़े छह बजे झिंगुरा रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा तो मुगलसराय से दिल्ली की ओर जा रही 12836 संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के आने की सूचना पर रेल कर्मचारियों ने फाटक बंद कर दिया। रेलवे क्रासिंग को बंद रहने के बावजूद दिलीप अपने दो बच्चों को लेकर रेलवे लाइन पार कर गया जबकि उसके पीछे पीछे आ रही पत्नी गुंजा 30 वर्ष भी बेटे शिवम 12 वर्ष के साथ बगैर इधर उधर देखे रेलवे लाइन पार करने लगी। जैसे ही वह रेल पटरी पर पहुंची कि झारखंड से दिल्ली जा रही संपर्कक्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। इंजन के सामने आते ही मां बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। अपनी आंखों के सामने पत्नी और बेटे को मौत की मुंह में समाते देख दिलीप सन्न रह गया। वह बिलखते हुए पत्नी के शव से लिपटकर रोने लगा।