मरीजों के साथ दुव्यर्वहार करने पर डांट पिलाने के विरोध में वार्ड ब्वाय ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा के चिकित्साधिकारी डा.एसपी गुप्ता को अपने साथियों के साथ मिल कर बंधक बना लिया। लोगों के समझाने बुझाने पर चिकित्साकर्मियों ने डा. को चंगुल से मुक्त किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी मंगलवार को तहसील दिवस कार्यक्रम में मौजूद थे। इस बीच उपजिलाधिकारी को सूचना मिली कि पटेहरा में तैनात वार्ड ब्वाय सुभाष यादव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है। उपजिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को मौके पर भेजा तो चिकित्साधिकारी ने वार्ड ब्वाय को डांटते हुए मेडिकल चेकअप कराने की चेतावनी दी। इस पर वार्ड ब्वाय भड़क गया और अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर प्रभारी चिकित्साधिकारी को बंधक बना लिया।
लोगों के समझाने पर उसने उन्हें मुक्त किया। बताया जा रहा है कि चार माह पूर्व भी उक्त वार्ड ब्वाय ने हंगामा मचाया था। प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उसे शांतिभंग की धारा में चालान भी किया था।