अदलहाट क्षेत्र के पचेंगड़ा गांव के सिवान में शनिवार को सुबह 84 वर्षीय वृद्ध किसान का शव उनके ही धान के खेत में मिला। किसान दो दिन पहले लापता हो गया था। थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
क्षेत्र के पचेंगड़ा गांव निवासी वृद्ध किसान चिरंजीव सिंह (84) का गांव के बाहर भूसा का गोदाम है। वे वहीं एक कमरे में रहते थे। बुधवार की शाम परिवार के लोग खाना खिलाकर गांव में बने घर में आ गए। बृहस्पतिवार को सुबह गोदाम में जब चिरंजीव नहीं दिखे तो परिजनों ने आस-पास व अन्य स्थानों पर खोजबीन की। जब कोई भी जानकारी नहीं मिली तो उनके पुत्र सूर श्याम सिंह ने तहरीर देकर शुक्रवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बीच शनिवार को सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े शव की तरफ गई। उनकी शिनाख्त किसान चिरंजीव के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष वंश नारायण यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का पता चल सकेगा।