मिर्जापुर के दो मेधावी छात्र गुजरात के वड़नगर में आयोजित प्रेरणा उत्सव में प्रतिभाग कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
23 से 29 अगस्त तक होने वाले उत्सव में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय ककरद, मड़िहान की छात्रा लक्ष्मी और राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां, लालगंज के छात्र शुभम शामिल होंगे। दोनों शुक्रवार को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित प्रेरणा उत्सव के लिए छात्रों का चयन किया गया है। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय ककरद के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला की ओर से जारी चयन सूची में विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी का चयन हुआ है। ककरद गांव निवासी मजदूर मुखलाल की बेटी लक्ष्मी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। बेटी के चयन की जानकारी मिलने पर उसकी मां बबीता सरोज की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
वहीं, राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के प्रधानाध्यापक विमल चंद यादव ने बताया कि किसान सुरेंद्र कुमार के बेटे शुभम का भी प्रेरणा उत्सव के लिए चयन हुआ है। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय ककरद की सहायक अध्यापिका रंजना मौर्या को महिला मार्ग अनुरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। छात्रों के चयन पर शिक्षक शुभांशु सिंह, खेल शिक्षक योगेश कुमार सिंह और गौरी शंकर ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।
लक्ष्मी, सोशल मीडिया