श्री सत्यनारायण खेल संस्थान की ओर से आयोजित मंगला राय स्मारक राष्ट्रीय कुश्ती एवं राज्य आमंत्रण प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को कुल छह कुश्तियां हुईं। इनमें पांच पुरुषों और एक महिलाओं का मुकाबला हुआ। महिला मुकाबले में आंचल सिंह ने अपेक्षा को चित कर दिया। पुरुषों के विभिन्न भार वर्ग के मुकाबलों में जीत दर्ज कर पहलवानों ने क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। पहले दिन मिर्जापुर के तीन पहलवानों ने मुकाबले जीते।
उद्घाटन समारोह के बाद पहला मुकाबला 74 किलो भार वर्ग में जीत नारायण मिर्जापुर और आशीष मेरठ के बीच हुआ। स्थानीय पहलवान ने कड़े मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी पहलवान को अंकों के आधार पर मात दी। आशीष के छह के मुकाबले जीत नारायण को आठ अंक प्राप्त हुए। दूसरी कुश्ती महिलाओं की 81 किलो भार वर्ग में हुई। इसमें गोंडा की पहलवान आंचल सिंह ने वाराणसी की अपेक्षा सिंह को आसमान दिखाया। 50 किलो भार वर्ग में शिवा पांडेय प्रतापगढ़ और कमलेश जौनपुर के बीच कुश्ती हुई। इसमें कमलेश ने शिवा को दोहरी पट दांव मारकर तीसरे मिनट में ही चित कर दिया। 50 किलो भार वर्ग में सुजीत मिर्जापुर और वाराणसी के उपेंद्र में मुकाबला हुआ। दोनों के बीच कांटे की टक्कर हुई। इसमें सुजीत ने उपेंद्र को 14 के मुकाबले 16 अंकों के अंतर से हरा कर मिर्जापुर का नाम रोशन किया। पांचवीं कुश्ती भी 50 किलो भार वर्ग की हुई। इसमें अमरदीप जौनपुर और राजबली मिर्जापुर ने दांवपेच आजमाए। राजबली ने दोहरी पटखनी देकर अमरदीप को चौथे मिनट में ही चित कर दिया। छठवीं कुश्ती 50 किलो भारवर्ग में चंदौली के शिवनाथ और संतकबीर नगर के संजय के बीच हुई। इसमें शिवनाथ ने 12 अंक प्राप्त कर संजय को शिकस्त दी। इसके पूर्व मुख्य अतिथि आईजी प्रेम प्रकाश ने पूर्व पुलिस महानिदेशक आरएन सिंह और एडिशनल जिला जज कानपुर बृजभूषण यादव के साथ पहलवानों का हाथ मिला कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने मंगला राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रेफरी की भूमिका में वेद प्रकाश और वीरेंद्र कुमार रहे। मैच के जज जेपी यादव रहे। इस दौरान खेल संस्थान की सचिव शशि सिंह, बावन सिंह, संतोष सिंह, रमाशंकर सिंह, रामनरेश सिंह आदि मौजूद रहे।