चुनार कोतवाली क्षेत्र के तम्मनपट्टी में सोमवार को अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई। वहां से 17 लाख रुपये की 1125 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
यह फैक्ट्री सेना के एक जवान के घर में चल रही थी। पुलिस ने मौके से जवान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका भाई पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस संबंध में पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया। प्रधानी चुनाव में यहां की शराब धड़ल्ले से खपाई जा रही थी।
आबकारी इंस्पेक्टर विजय पाल सिंह एवं चुनार इंस्पेक्टर अभय सिंह के अनुसार तम्मनपट्टी निवासी राजेश जायसवाल के मकान में अवैध शराब की फैक्ट्री चलने की सूचना थी।
राजेश का भाई आलोक कुमार सेना में है। सोमवार को एसडीएम चुनार अवधेश कुमार मिश्रा और पुलिस की टीम ने छापेमारी की। फैक्ट्री में सेना के जवान आलोक कुमार को दबोच लिया गया, जबकि राजेेेश जायसवाल और अन्य फरार हो गए।
तलाशी में करीब 18 लाख रुपये की 1125 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। 42 सौ नकली रैपर तथा पांच सौ खाली बोतलें और 50 खाली ड्रम भी बरामद हुए। सेना का जवान पठानकोट में तैनात है।
वह छुट्टी पर घर आया है। उधर, राजेश कुमार जायसवाल के चुनार कोतवाली क्षेत्र के बहरामगंज मोहल्ल स्थित घर में छापेमारी में 300 लीटर शराब बरामद हुई। केमिकल, 25 खाली ड्रम, 650 खाली शीशी, रैपर बरामद हुए। जमालपुर माफी गांव में मां फूलमती के नाम पर देशी शराब की ठेके की दूकान को टीम ने सील कर दिया।