मिर्जापुर। नगर के महंत शिवाला स्थित मिर्जापुर- विंध्याचल मार्ग पर अमृत योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क से आवागमन बाधित हो रहा है। बरसात के समय तो पूरा क्षेत्र ही कीचड़ में तब्दील हो जा रहा है।
दरअसल, नगरवासियों को शुद्ध और साफ पीने का पानी घरों तक पहुचाने के लिए नगर में 115 सौ करोड़ की लागत से अमृत योजना का कार्य चल रहा है। योजना के तहत करीब 210 किलोमीटर लंबी पाइप लाइनों का जाल नगर में बिछाया जा रहा है। गंगा नदी से पानी लिफ्ट कर फिर उसको फिल्टर करके पानी की सप्लाई करने की योजना है। जिसे 2022 तक पूरा भी करना है। इसी के तहत पहले चरण में शास्त्री सेतु, जहां पर यह प्लांट और इनटेक वेल बनाया जा रहा है, से इमामबाड़ा तक पाइप लाइन बिछायी जा रही है। इसके लिए रात को काम होता है और दिन में आवागमन के चलते काम बंद रहता है। यहां तक तो ठीक था लेकिन रात में सड़क की खोदाई के बाद जो मिट्टी निकल रही है, उससे समस्या हो रही है।
सड़क पर एक प्रकार से बाधा हो गई है। लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। एक तो यह व्यस्ततम मार्ग है। दूसरे पिछले दिनों हुई भारी बरसात से पूरी मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है। कार्यदायी संस्था जल निगम का कहना है कि वह प्रयास कर रही है कि काम जल्द से जल्द पूरा हो जाए। वही नगर पालिका के अध्यक्ष मनोज जायसवाल का कहना है कि वह प्रयास कर रहे हैं कि मिट्टी को किनारे कराकर आवागमन को कुछ राहत दी जा सके। फिलहाल नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही इस संबंध में कुछ नहीं किया गया तो अभी तो पूरा बरसात का सीजन बाकी है। बड़ी परेशानी होगी।