मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में जनपद के सराफा व्यापारी, बैंकों के शाखा प्रबंधक व पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक की। पुलिस अधीक्षक ने उनकी समस्याओं को सुना और सुरक्षा व सहयोग का भरोसा दिया। बैंकों में उच्चा गुणवत्ता के कैमरे लगवाने को कहा।
व्यापारी, शाखा प्रबंधकों व पेट्रोल पंप मालिकों की समस्याओं को पुलिस के माध्यम से प्रयास कर दूर करने को कहा। बैंकों के शाखा प्रबंधक को सुरक्षा मानकों के प्रति सचेत रहने के लिए अनुरोध किया। बैंकों के बाहर व भीतर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और शाखा प्रबंधकों को समय-समय पर बैंक परिसर में ग्राहकों से पूछताछ करने के संबंध में निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी को डराया-धमकाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। आपकी सुरक्षा में जनपदीय पुलिस सदैव तत्पर है। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर व कटरा जनपद के सराफा व्यापारी, बैंक शाखा प्रबंधक व पेट्रोल पंप मालिक आदि मौजूद रहे।