मिर्जापुर जिले के जमालपुर थानाक्षेत्र में वर्षों से जुए के फड़ के संचालन को लेकर पुलिस पर लगे आरोपों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जमालपुर थानाध्यक्ष और दो मुख्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी दिया है। पुलिस अधीक्षक ने जमालपुर, विंध्याचल, जिगना और ड्रमंडगंज थाने में नए थानेदारों की तैनाती भी कर दी है।
जमालपुर थानाक्षेत्र में जगह बदल-बदल कर कई स्थानों पर जुए के फड़ का संचालन हो रहा था। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने एसओजी टीम को भेजकर आरोपियों की गिरफ्तारी कराई। पकड़े गए लोगों से पूछताछ के बाद थानाध्यक्ष जमालपुर और दो मुख्य आरक्षियों पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जमालपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी विजय दीप सिंह, उपेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है।
वीरेंद्र सिंह को जमालपुर थाने की कमान
नए पुलिस अधीक्षक के आने के दो दिन बाद ही विंध्याचल थानाक्षेत्र में हत्या की घटना हो गई। इस पर पुलिस अधीक्षक ने विंध्याचल थानाध्यक्ष अतुल राय को भी लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने जिगना थानाध्यक्ष रहे अरविंद पांडेय को विंध्याचल का नया थानाध्यक्ष तैनात किया है। गैपुरा चौकी प्रभारी रहे रविकांत मिश्रा को जिगना थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह को जमालपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। अदलपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज को ड्रमंडगंज थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि जुए के फड़ के संचालन के मामले में कार्रवाई करते हुए जमालपुर थानाध्यक्ष और दो आरक्षियों को निलंबित कर विभागीय जांच कराई जा रही है।