अदालहट। कर्नाटक के दावणगेरे में 22 से 30 जून के बीच हुई राष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर चैंपियनशिप में मिर्जापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। गोल्ड व ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
कोच कमलापति त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र के नरायनपुर स्थित विशेषरपुर माफी गांव के दल श्रृंगार सिंह की पुत्री सलोनी ने 47 किलो ग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर 402.5 किग्रा भार उठाकर गोल्ड मेडल हासिल की। इसके साथ ही स्कॉट 165 किग्रा भार उठाकर गोल्ड मेडल एवं बेंच प्रेस 92.5 किग्रा में सिल्वर मेडल एवं डेडलिफ्ट के 145 किग्रा भार वर्ग में सिल्वर मेडल के साथ सफलता अर्जित कर जनपद व प्रदेश का नाम रौशन किया। इसके साथ ही अपनी पहलवानी के दम पर बड़े बड़ों को धूल चटाने वाले पहलवान बसाढ़ी गांव के रामफरेश की पुत्री ज्योति सिंह अपनी पिता की तरह पावरलिफ्टिंग में भी अपनी पहचान बनाई है। उसने 63 किग्रा भार वर्ग में ऑल ओवर ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाब रही। ज्योति ने बेंच प्रेस में गोल्ड, डेडलिफ्ट एवं स्कॉट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। मिर्जापुर रेलवे का कर्मचारी अखिलेश ने 105 किग्रा भार वर्ग में स्कॉट में ब्रॉन्ज मेडल के साथ ऑल इंडिया 5वां स्थान हासिल किया। इस कामयाबी पर संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रेम शंकर सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निधि सिंह पटेल, वीरेंद्र सिंह मरकाम आदि ने बधाई दी है।