अदलहाट। क्षेत्र के घरवासपुर की बेटियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मिर्जापुर के खिलाड़ियों ने वाराणसी में आयोजित यूपी ग्रामीण खेल लीग की 14 गोल्ड मेडल और 3 सिल्वर मेडल जीतकर जिले का नाम रौशन किया। सोमवार को दो दिवसीय जोन स्तरीय स्पर्धा का समापन हुआ।
प्रतियोगिता में सीनियर कुश्ती 65 किग्रा पुरुष वर्ग में सूरज यादव ने गोल्ड मेडल मेडल जीता। जूनियर कुश्ती 61 किग्रा पुरुष में महेश, 65 किग्रा भार वर्ग में संदीप यादव और सब जूनियर 55 किग्रा पुरुष कुश्ती में सूर्यकेश ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं, महिला कुश्ती के जूनियर 50 किग्रा में खुशबू बिंद और 55 किग्रा में नेहा यादव ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का मानन बढ़ाया है।
इसके अलावा कबड्डी के सब जूनियर और जूनियर बालिका वर्ग में गोल्ड मेडल, जूनियर और सीनियर कबड्डी पुरुष वर्ग में गोल्ड मेडल मिर्जापुर के खिलाड़ियों ने अपने नाम किया। इसी तरह 800 मीटर की महिला वर्ग की दौड़ में साक्षी यादव ने गोल्ड जीता। पहले दिन क्षेत्र के खरवासपुर गांव की कनिका कुमारी ने जूनियर बालिका वर्ग के गोला प्रक्षेप में गोल्ड,सीनियर वर्ग में ज्योति कुमारी ने गोला प्रक्षेप में सिल्वर मेडल तो जूनियर वर्ग में सुनैना ने लंबी कूद में सिल्वर मेडल जीत के साथ शानदार शुरुआत की थी।
यूपी ग्रामीण लीग खेल में उप निदेशक युवा कल्याण वाराणसी जोन मनोज कुमार ने बॉलीबॉल खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाणपत्र दिए। प्रवीण कुमार सिंह, सुरेश कुमार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।