मिर्जापुर-रीवां मार्ग पर खैरही गांव के पास रविवार सुबह 11 बजे बाइक को टक्कर मारते हुए ट्रक सवारियों से भरी आटो पर पलट गया। इससे आटो सवार में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
लालगंज बाजार से आठ सवारियों को लेकर एक आटो रविवार की सुबह दस बजे हलिया थानाक्षेत्र के ड्रमंडगंज जा रहा था। करीब 11 बजे आटो लालगंज थानाक्षेत्र के खैरही के पास पहुंचा।
इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक सड़क पार कर रहे बाइक सवार अखिलेश और मुन्नू दूबे को टक्कर मारते हुए आटो पर पलट गया। इससे आटो में सवार यात्री ट्रक के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रवींद्र यादव ने जेसीबी से ट्रक हटवाया और आटो सवारों को बाहर निकलवा कर सीएचसी लालगंज भेजा।
चिकित्सक ने रामजतन (35) पुत्र जीवनराम, निवासी हरदीहा, रामजी (30) पुत्र रामअभिलाख, निवासी हरदीहा, छोटेलाल (45) पुत्र परसिद्धी, छोटेलाल का भाई भाईलाल (35) तथा पुत्र अनिल (18) निवासी रानीबारी, लालगंज को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल आशीष कुमार (26) निवासी परसिया गोकुल, लालगंज, गोपी (30) निवासी इमरती, लालगंज, परमेश्वर (35) निवासी नैड़ी कठारी, लालगंज, अखिलेश (25) निवासी डगडगपुर, लालगंज, मुन्नू दूबे (50) निवासी डगडगपुर, लालगंज को जिला चिकित्सालय भेजा गया।
मौके पर डीएम, एसपी, एएसपी (आपेरशन), एसडीएम दिवाकर सिंह, तहसीलदार विनोद सिंह आदि अफसर मौके पर पहुंचे।