मिर्जापुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025 में मिर्जापुर मंडल पूर्वांचल में आगे चल रहा है। अभी तक मंडल के तीनों जिलों में कुल 30146 किसानों से 1679610 क्विंटल धान की खरीद की गई है जबकि अन्य मंडलों में खरीद कम है। अब तक के खरीद में मिर्जापुर मंडल का प्रदर्शन बेहतर रहा है। बताया जा रहा है कि वाराणसी मंडल में कुल 493 खरीद केंद्र संचालित हैं। इसके बावजूद पिछले दिनों तक 6.81 लाख टन के लक्ष्य के सापेक्ष एक लाख 61 हजार 78 टन ही धान की खरीद हो सकी है। आजमगढ़ मंडल में 216 खरीद केंद्रों के माध्यम से 2130000 क्विंटल के लक्ष्य के मुकाबले 724420 क्विंटल टन धान की खरीद हुई है। सबसे बेहतर स्थिति मिर्जापुर मंडल की रही है।
संभागीय खाद्य नियंत्रक मिर्जापुर मंडल आरबी प्रसाद ने बताया कि मंडल में 239 खरीद केंद्रों पर 3 210000 क्विंटल के लक्ष्य के सापेक्ष 1679610 क्विंटल धान की खरीद हुई है। यह लक्ष्य का 52 प्रतिशत है। धान खरीद की गति इस समय बेहतर है। प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य को जल्द से जल्द प्राप्त कर लिया जाए। मंडल में संचालित सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को इसके लिए कहा गया है।