मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर रामपुर संपर्क मार्ग पर मंगलवार की रात करजी गांव के मारका माई मोड़ के पास सड़क हादसा हुआ। ट्रैक्टर- ट्राली की टक्कर से करजी गांव निवासी बाइक सवार युवक रितिक दुबे (25) पुत्र दीपक दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठा उसका बड़ा भाई रविकांत दुबे व गांव निवासी राजन दुबे घायल हो गए। तीनों बाइक सवार हसौली चट्टी से घर की तरफ जा रहे थे।
सीएचसी से गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने राजन को ट्रॉमा सेंटर बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्राली में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पानी डालकर कर ट्रैक्टर- ट्राली में लगी आग को बुझाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव एवं अदलहाट थाने की पुलिस भी पहुंच गई। दुर्घटना की जानकारी पर गांव में कोहराम मच गया। मृतक युवक के पिता प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की मां गीता देवी, दादी आशा देवी, बहन शिवांगी और बड़े भाई कृष्णकांत का रो- रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।