अमर उजाला ब्यूरो मिर्जापुर। जिले की सड़कें बदहाल हैं। इससे सांसद और केंद्रीय परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल भी बेहद खफा हैं। पंचायत सभागार में सांसद आदर्श गांव ददरी में विकास कार्यो की समीक्षा के दौरान उन्होंने अपने कष्ट को उजागर किया। उन्होंने कहा कि खस्ताहाल सड़कों लोगों की परेशानी का सबब बनई हुई हैं। अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से सड़कों को चुस्त दुरूस्त बनाए।
इसके लिए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजें ताकि समय रहते उसे पास कराया जा सके और सड़क बने। उन्होंने कहा कि अफसर सुस्ती छोड़ कर तेजी गति से काम करें। सांसद ने कहा कि विभाग की योजनाओं का लाभ दलित, शोषित मजलूम, वर्ग के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारी के विरूद्ध शख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से शौचायल व स्नानागार की समीक्षा किया।
जिसमें अपूर्ण शौचालय व स्नानागार को जल्द से जल्द बनवाने का निर्देश दिया कहा कि कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करें। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी मनभरन राम राजभर को निर्देश दिया कि विद्यालय में बाउड्रीवाल सहित सभी सुविधाएं मुहैया हो। अधिशासी अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिया कि गांव में विद्युत व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाए। उन्होने कहा कि राजीव गांधी विद्युतीकरण के अधूरे काम को दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से पूरा कराये। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि स्वच्छ पेयजल योजना को प्रभावी बनाए।
सांसद ने उद्यान विभाग, बाल विकास परियोजना, जन धन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, समाज कल्याण विभाग, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मृदा परीक्षण कार्ड, कौशल विकास, स्वास्थ्य उपकेन्द्र, नेड़ा, आधार कार्ड युवा कल्याण, विकलांग कल्याण आदि विभाग की समीक्षा की। विद्यायक छानबे राहुल प्रकाश, जिलाधिकारी कंचन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह, सीएमओ विधु गुप्ता आदि मौजूद रहे।