रतनगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण करते मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया।
- फोटो : mirzapur
राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने मंगलवार को नगर के रतनगंज इलाके में सवा तीन करोड़ की लागत से बनाए गए विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस उपकेंद्र के शुभारंभ होने से नगर में बार बार हो रही रोस्टिंग से निजात मिल जाएगी। साथ ही विद्युत व्यवस्था व वोल्टेज में भी सुधार होगा।
राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने बताया कि मिर्जापुर में विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत कर बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। विगत वर्ष नटवां तिराहे के पास जनपद का पहला 220 केवीए विद्युत उपकेंद्र चालू किया गया, जो जनपद के अतिरिक्त भदोही को भी विद्युत आपूर्ति कर रहा है।
जनपद में सभी तहसील मुख्यालयों को बेहतर विद्युत आपूर्ति करने के उद्देश्य से प्रंत्येक तहसील मुख्यालय में 33/11 केवीए के विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि शहर में ओवरलोड के कारण बार बार बिजली कटती है। इसको देखते हुए जेल के पीछे 2/5 एमबीए क्षमता का नया विद्युत उपकेंद्र बनाया गया।
इसके अलावा दो नए उपकेंद्रों का निर्माण सिविल लाइन व भवानीपुर में चल रहा है। उन्होंने बताया कि रतनगंज उपकेंद्र को सवा तीन करोड़ की लागत से बनाया गया है। इस उपकेंद्र के निर्माण होने से नगर के रतनगंज, तेलियागंज, शिवपुरी कालोनी, जेपीपुरम, कतवारू का पुरा, लोहिया कालोनी, अनगढ़, आदि इलाकों में विद्युत समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता अभय सिंह, अधिशासी अभियंता द्वितीय यदूनाथराम, कटरा कोतवाल सुनील दत्त दूबे, आदि मौजूद रहे।