मिर्जापुर। पिछले कई दिनों से कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद एल-टू अस्पताल मिर्जापुर में भर्ती खनन अधिकारी पंकज सिंह की शुक्रवार को हालत काफी गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उनका निजी अस्पताल में शनिवार की दोपहर मौत हो गई।
बिहार के भागलपुर जिले के मूल निवासी पंकज सिंह (50) की दो वर्ष पूर्व जिले में खान अधिकारी के पद पर नियुक्ति हुई थी। उनका आवास लखनऊ में है। एक पखवारा पूर्व सांस लेने में दिक्कत होने पर कोविड की जांच कराई गई। 29 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। ट्रामा सेंटर के एल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आया, पर कुछ दिन बाद फिर हालत बिगड़ गई। शुक्रवार की सुबह हालत गंभीर होने पर उनको रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले गए। जहां उनको भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद उनको एपेक्स हॉस्पिटल में ले गए। जहां उपचार के दौरान शनिवार की दोपहर उनकी मौत हो गई । सीएमओ डाक्टर पीडी गुप्ता ने बताया कि खनन अधिकारी की वाराणसी के एपेक्स अस्पताल में शनिवार की दोपहर मौत हो गई।