नरायनपुर। पम्प कैनाल नरायनपुर के कालोनी में सोमवार की सुबह पांच बजे आंधी से टूटकर कर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से अधेड़ बेलदार की मौत हो गई। बेलदार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय शिवपूजन मिश्रा लिफ्ट सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी नरायनपुर में बेलदार पद पर कार्य करते थे। पंप कैनाल के पास स्थित आफिस व पास ही बंद पड़े पुरानी गंगा नहर के पास कालोनी में रहते थे। आफिस आने जाने के लिए बंद पड़ी नहर के लोहे के पुल के रास्ते जाते थे। सोमवार को घर आते समय लटक रहे जर्जर विद्युत तार की चपेट में आ गए। इससे शिवपूजन मिश्रा गंभीर रूप से झुलस गए। आनन फानन में लोग वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर अधिशासी अभियंता प्रदीप व अन्य कर्मचारी पहुंच गए। मृतक को एक पुत्र व दो पुत्री है। जिनकी शादी हो गई है।