चुनार। नगर की चरमराई बिजली व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया था। इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। मनमानी बिजली कटौती से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हैं। पखवारेभर पूर्व नगर की बदहाल बिजली व्यवस्था से व्यथित स्थानीय लोगों ने सत्तापक्ष के पदाधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार कराए जाने की शिकायत की थी। लोगों की समस्या को देखते हुए भाजपा पदाधिकारी बिजली कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड चुनार मनीष कुमार झा को व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। नगर की जनता की ओर से ज्ञापन सौंपा था।
भाजपा पदाधिकारियों के ज्ञापन को लेकर अधिशासी अभियंता ने उन्हें आश्वासन दिया था कि चार पांच दिन में सुधार दिखाई देगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यवस्था में किसी तरह का कोई सुधार तो नही हुआ बल्कि पहले से भी अधिक कटौती होने लगी। दिन में कई बार कटौती की जा रही है। बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछे जाने पर वही रटा रटाया जवाब मिलता है कि तकनीकी खराबी के चलते कटौती की गई है। लोगों का कहना है कि यह हाल ऊर्जा राज्यमंत्री के क्षेत्र के हैं। स्थानीय राजेंद्र सिंह, रमाशंकर सिंह, संतोष गुप्ता, राम प्रसाद बिंद, विनोद श्रीवास्तव, वैभव पटेल, अनिल कुमार, पप्पू यादव आदि ने जिलाधिकारी सहित जन प्रतिनिधियों से चरमराई बिजली व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।