जमुई। चुनार थाना क्षेत्र के जमुई बाजार में बुधवार की रात डाक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन महिला का शव रखकर डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार यादव के समझाने पर परिजन देर रात माने। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चुनार थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी 29 वर्षीय सोनालिका सिंह पत्नी रवि सिंह को मंगलवार की रात को प्रसव पीड़ा हुई। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे जमुई बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। मंगलवार को बच्ची पैदा हो गई। बच्ची के पैदा होने के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति खराब होने पर बुधवार की रात को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले महिला की मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में शव रखकर तोड़फोड़ शुरु कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर रोका। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर नर्सिंग होम संचालित किए जा रहा हैं। डाक्टर की लापरवाही के चलते मौत हुई है। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार यादव थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, कजरहट चौकी प्रभारी मोहम्मद ऐश खान पहुंच कर परिजनों को समझाया। परिजनों के मानने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का पति सीआरपीएफ का जवान है। मृतका स्टाफ नर्स की ट्रेनिंग की थी। 2018 में शादी हुई थी। मृतका के परीजनो का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। मृतका का पति रह रह कर अचेत हो जा रहा था।