मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के किरहा गांव में शुक्रवार की रात एक विवाहिता की लाश फंदे से लटकती मिली। शनिवार को सुबह पहुंचे मायके वालाें ने गला दबाकर हत्या करने और फंदे से शव लटकाने का आरोप गलाया। दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हलिया के बरी गांव निवासी आरती (22) की शादी दो साल पहले लालगंज थाना क्षेत्र के किरहा गांव निवासी लवकुश के साथ हुई थी। दोनों का पांच महीने का बेटा है। लवकुश मजदूरी करता है। शुक्रवार की रात कमरे में बड़ेर पर साड़ी के फंदे से लटकता आरती का शव मिला।
शनिवार की को सुबह घटना की जानकारी पाकर मायके वाले पहुंच गए। मायके वालों ने गला दबाकर आरती की हत्या का आरोप लगाया। आरती के मामा सूरज कुमार निवासी मांडा ने बताया कि शादी के तीन महीने के बाद से ही बाइक के लिए आरती को परेशान किया जा रहा था।
पति उसकी पिटाई करता था। इसके चलते आरती को आठ महीने तक उसके ननिहाल में रखा गया था। 11 मार्च को उसका पति लवकुश आया था और विदाई कराकर घर ले गया था। शुक्रवार की रात 10 बजे आरती ने मां बिटोला देवी को फोन कर बताया कि उसका बचना मुश्किल है।
उसे मार डालेंगे। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। आरती के पति समेत अन्य लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को फंदे से लटका दिया। शनिवार की सुबह पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर वे आरती की ससुराल पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।