मड़िहान थानाक्षेत्र के भवानीपुर में रविवार की सुबह भालू के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने भालू को भगाकर युवक को सीएचसी पहुंचाया। यहां से स्थिति नाजुक देख चिकित्सक ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। भवानीपुर गांव निवासी सुनील यादव (38) रविवार की सुबह भवानीपुर जंगल में महुआ लेने गया था।
सुबह करीब पांच बजे वह जैसे ही एक पेड़ के पास पहुंचा, रास्ते में महुआ खा रहे भालू ने हमला बोल दिया। सुनील ने बचने का प्रयास किया लेकिन तब तक भालू चेहरे को जख्मी कर चुका था। शोरगुल पर पहुंचे आसपास के लेागों ने भालू को भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल सुनील को सीएचसी राजगढ़ ले गए। हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।