मिर्जापुर के मझवां उपचुनाव के बाद अब मतगणना की तैयारियां जिलास्तर पर पूरी कर ली गई हैं। काॅलेज के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बनकर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस अधीक्षक ने भी मातहताें को निर्देश दे दिए हैं।
मिर्जापुर के बथुआ स्थित राजकीय पाॅलिटेक्निक काॅलेज में मझवां उपचुनाव को लेकर मतगणना शनिवार यानी 23 नवंबर को होनी तय है। इसको लेकर जिला प्रशासन तैयारियां कर रहा है। बैरिकेडिंग लगाने के साथ सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
सुबह आठ बजे से मझवां विधानसभा (397) निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के वोटों की गिनती कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने संबंधित अफसरों को निर्देश जारी कर दिया है। लापरवाही अक्षम्य होगी।
इसी क्रम में मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन मतगणना को लेकर जिले के पुलिसकर्मियों की बैठक ली। उन्होंने मतगणना में अपने कर्तव्यों का इमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया है। कहा है कि इस दिन कोई भी पुलिसकर्मी राजनीतिक सोच के साथ काम नहीं करेगा। पुलिस की जिम्मेदारी को निभाना है। तय समय पर लोग अपने-अपने कार्यस्थल पर पहुंच जाएं।