शेरवां में लाकडाउन के चलते मंदिर में रचाई शादी अंकिता पुत्री सुभाष प्रजापति निवासी जमालपुर।
- फोटो : MIRZAPUR
शेरवां। लॉकडाउन में भीड़ न हो और विवाह भी हो जाए, इसलिए दूल्हा साइकिल से ही दुल्हन के घर पहुंच गया। मंदिर में रस्में निभाई गईं और सात फेरों के बाद विवाह संपन्न हो गया। किशन की बरात में न तो बराती थे और न ही बैंडबाजा। जमालपुर थाना क्षेत्र के जीवनाथपुर, देवरिया गांव में पांच मिनट में युगल ने सात फेरे ले लिए। शादी की पूरे क्षेत्र में चर्चा है।
देवरिया गांव निवासी किशन पुत्र स्व. सुक्खू प्रजापति की शादी जमालपुर निवासी अंकिता पुत्री स्वर्गीय सुभाष के साथ तय हुई थी। लॉकडाउन के चलते शादी पर संकट आ गया। तय समय पर शादी हो या टाली जाए इसको लेकर असमंजस की स्थिति बन गई। फिर किशन ने निर्णय लिया कि तय समय पर ही शादी करेगा पर लॉकडाउन का पालन करते हुए। किशन बृहस्पतिवार को मामा के साथ साइकिल से जमालपुर स्थित ससुराल पहुंच गया। युवती के परिजनों से बातचीत कर गांव के दक्षिण में स्थित काली मंदिर परिसर में कन्या पक्ष से दो-चार लोगों की मौजूदगी में मां काली को साक्षी मान कर सात फेरे हुए और युवक ने युवती को वरमाला पहना दी। हालांकि अभी दुल्हन की विदाई नहीं हुई।