महाकुंभ के पलट प्रवाह से विंध्यधाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। मंगलवार की सुबह से ही विंध्यधाम में दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। इस दौरान मां के जयकारे से विंध्यधाम गूंज उठा। मां की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु बेताब दिखे। वहीं मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग स्थित अटल चौराहे से विंध्याचल मार्ग के अलावा गंगा घाटों, सड़कों और गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है।
दर्शन करने जा रहे दो दर्शनार्थी गश खाकर गिरे
माघ माह कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि पर विंध्यधाम में दर्शन पूजन करने उमड़े श्रद्धालुओं की भीड़ में अलग- अलग राज्यों से आए दो श्रद्धालु गस खाकर गिर पड़े। आनन -फानन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उठाकर पुरानी वीआईपी मार्ग गेट पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। डॉक्टर संतोष कुमार सिंह ने इलाज किया। गश खाकर गिरने वालों में बिहार राज्य चंपारण जिले से पार्वती देवी (60) अपने परिजनों के साथ पक्का घाट पर गंगा स्नान करने के उपरांत दर्शन पूजन करने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान गश खाकर गिर पड़ीं। वहीं विश्वनाथ विश्वकर्मा (60) झारखंड से पहुंचे हैं। दर्शन पूजन करने के लिए जा रहे थे। एंटरेंस प्लाजा में गश खाकर गिर पड़े।