जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर नौ फरवरी से मदरसा बोर्ड की मुंशी, मौलवी व आलिम की परीक्षाओं का आयोजन किया गया है। इन तीन केंद्रों पर कुल 732 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिले के मदरसा अरबिया सुहेलिया, मदरसा रजाए मुस्तफा विजयपुर व गरौड़ी स्थित मदरसा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पूरी परीक्षा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगी। यह जानकारी देते हुए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने कहा कि परीक्षा के लिए दो सचल दल बनाए गए हैं, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा का आयोजन होगा। पहले दिन पहली पाली में मुंशी व मौलवी तथा दूसरी पाली में आलिम की परीक्षा का आयोजन किया गया है।