विंध्याचल। कोतवाली क्षेत्र के न्यू वीआईपी मार्ग पर स्थित एक बिसातबाने की दुकान में शुक्रवार की भोर में आग लगने से नगदी और लाखों का सामान नष्ट हो गया। दुकानदार ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
क्षेत्र के न्यू वीआईपी मार्ग पर पंकज द्विवेदी का दुकान है। इसे उन्होंने प्रकाश अग्रहरि को किराए पर दिया है। प्रकश अग्रहरि ने बिसातबाने की दुकान की है। शुक्रवार की भोर में दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग लगने की जानकारी दुकानदार को दी। सूचना पर दुकानदार पहुंचा। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान का सामान नष्ट हो गया। प्रकाश अग्रहरि ने बताया कि उसने 26 हजार रुपये एक टीन के डिब्बे में रखे थे। वे भी जल गए। नवरात्र के पहले ढाई लाख का सामान दुकान में रखा था। कोविड-19 के चलते इस बार भक्तों के न पहुंचने पर बाजार नहीं चला। इस कारण सारा माल दुकान में था, जो नष्ट हो गया। दुकानदार ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की।