जिले में छोटी दीपावली का पर्व बड़े ही श्रद्धाभाव से मनाया गया। इस अवसर पर लोगाें ने अपने-अपने घरों से जलते दीपों को घरों के सामने एवं मंदिराें में रखा। इसके पूर्व लोगाें ने अपने घराें व प्रतिष्ठानों में गणेश-लक्ष्मी का विधिवत पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। उधर दीपावली की पूर्व संध्या पर नगर के प्रमुख बाजार देर रात तक गुलजार रहे।
कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि दीपावली के एक दिन पूर्व जगमग रोशनी से जगमगरा रहे दूकानों की छटा देखते ही बन रही थी। पर्व के मद्देनजर रंग-बिरंगे झालरों, पटाखों, फैंसी दीप, कैंडिल, एवं मिठाईयों की दूकानों सहित लाई-गट्टा, माला-फूल, रेडिमेड परिधानों सहित जेवराें की दूकानों पर ग्राहक देर रात तक डटे रहे। नगर के प्रमुख बाजारों की रौनक देखते ही बन रही थी। क्या छोटे क्या बड़े सभी अपने अपने बजट के अनुसार त्योहार से संबंधित वस्तुओं की खरीदारी करने में मशगूल दिखे। दीपावली की पूर्व संध्या पर लोगाें ने अपने-अपने घराें के सामने एवं मंदिराें में जलते दीपक को रख कर मंगलकामना की।
तत्पश्चात घरों में विधिवत गणेश-लक्ष्मी जी का पूजन किया गया। पूजन के दौरान लोगाें ने मानस पाठ व सुंदरकांड भी किया। नगर के बसनही बाजार व गणेशगंज सहित कई अन्य बाजारों में आभूषणों की दूकानों पर चांदी से बने गणेश-लक्ष्मी को लेने के लिए ग्राहकों का तांता लगा रहा, वहीं मिठाईयाें की दूकानाें पर एक से बढ़ कर एक स्वादिष्ट मिठाई खरीदने को ग्राहक डटे रहे।