मिर्जापुर। नगर में हुई हल्की बारिश ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। जगह-जगह जलजमाव हुआ तो अधिकांश जगहों पर पटरियां धंस गई हैं जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। नगर में इन दिनों अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है।
जल निगम की ओर से हो रहे इस कार्य के लिए पूरे नगर की गलियों व सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। अधिकतर जगहों पर पटरियों की इंटरलाकिंग निकाल कर पाइप बिछाया गया और उस पर ऐसे ही मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। अब एक दिन जो जरा अच्छी बरसात हो गई तो अधिकांश जगहों पर ऐसी सभी पटरियों की मिट्टी बैठ गई और अब वहां गड्ढा नजर आ रहा है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि उसी समय ठीक से ही मिट्टी डाल दी गई होती तो आज यह स्थिति न होती। इसी के साथ ही जगह- जगह जलजमाव हो रहा है। यहां तक कि कलेक्ट्रेट परिसर में भी कोषागार के पास जलजमाव हो गया है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश ने कहा कि नाली व नालों की सफाई करायी जा रही है।