जिले के 1156 परिषदीय विद्यालयों की लाइन बिल भुगतान न होने के कारण कट सकती है। बताया जा रहा है कि बिलों का भुगतान संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा सत्यापन के बाद ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा लेकिन अभी तक कुछ ही विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने इन बिलों का सत्यापन किया है। इससे अन्य विद्यालयों के बिजली का कनेक्शन कटने की स्थिति बन रही है।
प्रदेश सरकार के वर्ष 2018 के एक आदेश के तहत संबंधित परिषदीय विद्यालयों के बिजली के बिलों का भुगतान संबंधित ग्राम पंचायत के द्वारा किया जाएगा। लेकिन इसके लिए शर्त यह है कि विद्युत बिलों का सत्यापन संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक करें। जिले के एक हजार एक सौ 56 परिषदीय विद्यालयों को बिल प्राप्त हो गए हैं लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पा रहा है। इस पर बीएसए गौतम प्रसाद ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र जारी कर बिलों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया है ताकि विद्युत बिलों का भुगतान हो सके। इसके लिए जिलाधिकारी ने भी दिशा निर्देश जारी किया है।