मिर्जापुर। चुनार विधानसभा क्षत्र में स्थित विकासखंड नरायनपुर ग्राम सभा के दीक्षितपुर शिवशंकरी धाम में व विकासखंड सीखड़ में निशुल्क कंबल वितरण किया गया। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के पांच नाविकों को लाइफ सेविंग जैकेट किट वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि सांसद व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार सभी के कल्याण के लिए दृढ़ संकल्पित है। पीएम की गारंटी की गाड़ी हर क्षेत्र, हर गांव में पहुंच रही है। जनकल्याण की दिशा में जिला में चलाये जा रहे कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सभी के लिए पर्याप्त संख्या में कंबल है किसी को निराश नहीं होना पड़ेगा। सीखड़ और नारायणपुर ब्लॉक के सभी जरूरतमंदों को पर्याप्त संख्या में कंबल वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रेखा वर्मा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम लखन पटेल, ग्राम प्रधान सतीश सिंह, राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ सिंह पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।