नगर के महुवरियां स्थित बीएलजे मैदान में मंगलवार को 1008 श्री पंचमुखी महादेव कैनवस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच एलजी मिर्जापुर और इनफिनिटी वाराणसी के बीच खेला गया। एलजी ने 17 रनों से फाइनल मैच जीत लिया।
फाइनल मैच में एलजी मिर्जापुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवरों में 92 रनों स्कोर खड़ा किया। एलजी की ओर से नन्ही का 32 रनों का अहम योगदान रहा, जबकि बाबू ने भी नन्ही का भरपूर साथ दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इनफिनिटी वाराणसी की टीम चार विकेट गंवाकर के 75 रन ही बना सकी। उसे 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा। एलजी मिर्जापुर की ओर से बाबू द्वारा बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया गया। जिसके दम पर एलजी मिर्जापुर ने खिताबी मुकाबला जीता। विजेता टीम एलजी मिर्जापुर को सबसे बड़ी इनामी राशि पचास हजार रुपये प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता इनफिनिटी वाराणसी की टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विशिष्ट अतिथि एएसपी सिटी संजय वर्मा और आयोजक मंडल के अध्यक्ष अभिनव कुशवाहा ने विजयी टीम और खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान किया। फाइनल मैच में बाबू को बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी प्रदान की गई। पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए नन्ही को मैन ऑफ द सिरीज के रूप में फ्रीज, वॉशिंग मशीन व नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका में मनोज यादव व मनीष मिश्रा रहे। इस अवसर पर आयोजक मंडल के अध्यक्ष अभिनव कुशवाहा, राजू विश्वकर्मा, मंगल त्रिपाठी, सौरभ त्रिपाठी, नकुल यादव, कमलेश मौर्य आदि मौजूद रहे।